जावद। ग्राम पंचायत बांगरेड़, तहसील जावद में लंबे समय से विभिन्न विकास कार्यों की कमी को लेकर ग्रामीणों एवं युवाओं में नाराजगी है। गांव में मूलभूत सुविधाओं और आवश्यक विकास कार्यों की मांग को लेकर युवाओं ने एकजुट होकर ग्राम पंचायत को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सरपंच संतोषी बाई भील एवं सचिव कैलाश नाथ योगी को सौंपा गया। इस दौरान सरपंच, सचिव एवं उपसरपंच की मौजूदगी में युवाओं ने गांव की समस्याओं से अवगत कराते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की।
ज्ञापन में गांव के मंदिरों तक सीसी सड़क निर्माण, श्मशान घाट की बाउंड्रीवॉल एवं सीसी निर्माण, श्मशान परिसर में बैठक व्यवस्था के लिए शेड, नालियों का समुचित निर्माण, गांव में प्रवेश द्वार, नल-जल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, मुख्य चौराहे पर सार्वजनिक अनाउंसमेंट के लिए लाउडस्पीकर तथा पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न मांगें रखी गईं।
इसके अलावा गांव में नियमित रूप से नल चालू कराने, श्मशान घाट तक सीसी सड़क बनाने, स्कूल की बाउंड्रीवॉल का निर्माण, शीतला माता मंदिर परिसर में चबूतरा निर्माण एवं नियमित साफ-सफाई कराने की मांग भी की गई।
युवाओं ने पंचायत पदाधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं और गांव के विकास को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंचायत इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर आवश्यक विकास कार्य शुरू करवाएगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत बांगरेड़ के बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।