चित्तौड़गढ़। जिला पुलिस की डीएसटी ने कार्रवाई करते हुए चंदेरिया थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में वांछित 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी विनोद भट्ट को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित एवं इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी टीम के हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चंदेरिया थाने के एनडीपीएस प्रकरण में वांछित 10 हजार रुपए का इनामी आरोपी विनोद भट्ट पुत्र शिवलाल भट्ट, निवासी भट्टों का बामणिया, थाना कपासन, बाबरिया खेड़ा रोड स्थित अपने मकान पर आया हुआ है।
सूचना की पुष्टि के बाद डीएसटी टीम बाबरिया खेड़ा रोड स्थित मकान पर पहुंची। यहां मुखबिर द्वारा बताए हुलिए का एक व्यक्ति मिला। पुलिस द्वारा नाम-पता पूछने पर उसने अपना नाम विनोद भट्ट बताया। आरोपी के 10 हजार रुपए के इनाम एवं चंदेरिया थाने के एनडीपीएस एक्ट प्रकरण में वांछित होने की पुष्टि के बाद उसे नियमानुसार डिटेन किया गया।
पूछताछ एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को अनुसंधान अधिकारी, पुलिस थाना गंगरार, जिला चित्तौड़गढ़ के सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी उदयपुर से कांडला, गुजरात तक ट्रेलर चलाने का काम करता था।
कार्रवाई में शामिल डीएसटी टीम-
कार्रवाई में एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), हैड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल रतन सिंह, मनोज कुमार, बलराम गुर्जर, बलराम मीणा, प्रीतम, अजय, अमित एवं कमलेश शामिल रहे।