सनावद। पेट्रोल-डीजल, तेल और शक्कर सहित आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अर्थी यात्रा निकाली। कांग्रेस कार्यालय से बस स्टैंड तक निकाली गई इस यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस नेता नरेंद्र पटेल ने किया।
यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेता नरेंद्र पटेल ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई का सीधा असर आम नागरिक की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार पर महंगाई रोकने में विफल रहने और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक और चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुई अर्थी यात्रा का समापन बस स्टैंड स्थित गांधी प्रतिमा के पास किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने मटकी फोड़कर विरोध जताया।
इस दौरान आरती पाटिल, अहिल्या भालेराव, इंदर बिरला, आशीष चौधरी, सुनील व्यास, नकुल पटेल, मुन्ना गुर्जर, आफताब हिलाल, प्रकाश बाल्डी, प्रांजल भावसार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।