खरगोन मंडलेश्वर-बड़वाह मार्ग पर प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण कार्य का स्वागत करते हुए स्थानीय मुस्लिम समाज और नगरवासियों ने प्रशासन का ध्यान एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील बिंदु की ओर आकर्षित किया है।
मुस्लिम समाज एवं समस्त नगरवासियों के प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज्ञापन अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) पूर्वा मंडलोई को सौंपा । ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि चोली रोड स्थित 'प्राचीन बाबा गुलाब शाह वली की दरगाह' वर्ष 1925 से भी पूर्व की स्थापित है और यह संपूर्ण क्षेत्र के निवासियों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि समाज शासन-प्रशासन के विकास कार्यों और फोरलेन निर्माण का पूर्ण समर्थन करता है। हालांकि, वर्तमान संरेखण (Alignment) के तहत इस ऐतिहासिक दरगाह का कुछ हिस्सा मार्ग के मध्य आ रहा है।
प्रशासन के समक्ष रखी गईं प्रमुख मांगें:
संरक्षण व सुरक्षा: फोरलेन निर्माण के दौरान बाबा गुलाब शाह वली की दरगाह को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुँचाया जाए।
मार्ग परिवर्तन (अलाइनमेंट संशोधन): बासपास पर्याप्त शासकीय भूमि उपलब्ध है, इसलिए तकनीकी संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क का अलाइनमेंट थोड़ा साइड से निकाला जाए।
धरोहर का सम्मान: जनभावनाओं और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए इस स्थान को सुरक्षित घोषित किया जाए। ज्ञापन का वाचन प्रशासनिक सदर एजाज कुरैशी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर शहर सदर साहिल कुरैशी, प्रशासनिक सदर एजाज कुरैशी, नायब सदर तस्लीम शेख, सेक्रेटरी साहिल कुरैशी, समाजसेवी हाजी जोहर अली, लल्लू खान, झुमरू बाबा, जावेद शेख और सादिक खान सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासन से अपेक्षा जताई गई है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक और व्यावहारिक निर्णय लिया जाएगा।