खरगोन। लंबित परीक्षा परिणाम, छात्रवृत्ति, पंजीयन, डाटा ट्रांसफर और परीक्षा समय-सारिणी सहित विभिन्न मांगों को लेकर नर्सिंग विद्यार्थियों का बिस्टान नाके पर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को सातवें दिन भी जारी रहा। इससे पहले शुक्रवार को आंदोलनरत विद्यार्थियों ने सांसद कार्यालय का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया था।
शनिवार को विद्यार्थियों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए बलाई समाज के सदस्य बिस्टान नाके पहुंचे। इस दौरान महेश अमोदे ने कहा कि विद्यार्थी पिछले सात दिनों से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ न्याय होना चाहिए और शासन-प्रशासन को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। बलाई समाज विद्यार्थियों के साथ खड़ा है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
वहीं साधुओं ने भी आंदोलनरत विद्यार्थियों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि छात्र लंबे समय से अपनी डिग्री और परीक्षा परिणाम के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या की ओर शासन-प्रशासन का पर्याप्त ध्यान नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों की लंबित डिग्री और परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने की मांग की, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो।
नर्सिंग विद्यार्थियों का कहना है कि परीक्षा और परिणाम में लगातार देरी के कारण उनकी पढ़ाई, डिग्री और करियर प्रभावित हो रहा है। विद्यार्थियों ने लंबित परीक्षाएं जल्द कराने, परीक्षा परिणाम जारी करने, छात्रवृत्ति की समस्या दूर करने, डाटा ट्रांसफर एवं पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने और परीक्षा समय-सारिणी घोषित करने की मांग की है।
विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों का ठोस समाधान नहीं होता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
इस मौके पर बलाई समाज संगठन के अध्यक्ष पंढरी निरगुडे, निमिचंद साधौ, रमेश मनागरे, कैलाश मनागरे, भागीरथ सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।