नीमच। हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 नीमच के खेल मैदान में सीएम राइज (सांदीपनी) स्कूल भवन निर्माण प्रस्तावित किए जाने के विरोध में खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा। समिति ने मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने तथा स्कूल भवन निर्माण के लिए अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने की मांग की है।
समिति ने ज्ञापन में बताया कि नीमच में सीएम राइज (सांदीपनी) स्कूल भवन निर्माण स्वीकृत होने के समय हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के मैदान में निर्माण प्रस्तावित नहीं था। स्कूल भवन के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर भूमि की तलाश की गई, लेकिन उपयुक्त स्थान तय नहीं हो सका। समिति का कहना है कि इसके चलते अब स्कूल भवन के लिए वर्षों से उपयोग में आ रहे खेल मैदान को प्रस्तावित किया जा रहा है।
30 बसों के संचालन से यातायात दबाव बढ़ने की आशंका-
ज्ञापन में समिति ने कहा कि स्कूल में लगभग 30 बसों के संचालन की जानकारी सामने आई है। ऐसे में स्कूल के मुख्य द्वार के आसपास यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। इससे संबंधित चौराहे पर दुर्घटना की संभावना बढ़ सकती है तथा शासकीय अस्पताल, सब्जी मंडी और कमल चौक की ओर जाने वाले मार्गों पर भी यातायात प्रभावित होने की बात समिति ने कही है।
विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ वातावरण का मुद्दा-
समिति ने कहा कि शासन की मंशा विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण में शिक्षा उपलब्ध कराने की है। वर्तमान प्रस्तावित स्थल पर पहले से स्कूल एवं छात्रावास संचालित हैं। ऐसे में अतिरिक्त निर्माण और बढ़ती गतिविधियों के कारण यहां भीड़भाड़ एवं वातावरण संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है। समिति ने विद्यार्थियों के हित में स्कूल के लिए अधिक उपयुक्त एवं खुले स्थान का चयन करने की मांग की।
खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण है मैदान-
ज्ञापन में कहा गया कि हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 का मैदान वर्षों से खेल गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां से प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा निखारी है और नीमच का नाम रोशन किया है। समिति का कहना है कि शहर में खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध प्रमुख मैदानों में से यह महत्वपूर्ण मैदान है। यहां स्कूल भवन बनने से खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध स्थान सीमित हो जाएगा।
अन्य स्थान पर स्कूल निर्माण की मांग-
खेल मैदान बचाओ संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की कि विद्यार्थियों के हित में सीएम राइज (सांदीपनी) स्कूल का भवन निर्माण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर कराया जाए और हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-2 के मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखा जाए।
समिति ने चेतावनी दी कि मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलनात्मक एवं न्यायालयीन कार्रवाई का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के साथ समिति की ओर से पूर्व में विभिन्न तिथियों पर दिए गए ज्ञापनों की छायाप्रतियां भी संलग्न की गई हैं।