भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के राजनीतिक व वैचारिक प्रभाव का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस सेवादल ने एक बड़ा रणनीतिक कदम उठाया है। सेवादल अब प्रदेश भर में ‘विचारक टीम’ तैयार करने जा रहा है, जो जमीनी स्तर पर जाकर नफरत और हिंसा के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी।
भोपाल में जुटेंगे प्रदेशभर के पदाधिकारी
इस रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए कांग्रेस सेवादल ने भोपाल में एक बड़ी बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेश भर के सभी जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। संगठन को नया रूप देने और मजबूत करने के लिए पूरे प्रदेश में प्रशिक्षण शिविर (ट्रेनिंग कैंप) आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से संगठन की पहुंच को ब्लॉक, बूथ और गांवों तक ले जाने की तैयारी है।
‘प्रचारक’ के जवाब में ‘विचारक’
कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव ने संगठन की रणनीति को स्पष्ट करते हुए कहा भाजपा और RSS देश में राष्ट्रवाद के नाम पर नफरत फैलाते हैं। इस विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए RSS अपने ‘प्रचारक’ उतारता है।
इसके जवाब में कांग्रेस सेवादल अपने ‘विचारक’ तैयार करेगा, जो जनता के बीच जाकर सच्चाई उजागर करेंगे और आम लोगों के मुद्दों व अधिकारों के लिए आवाज उठाएंगे। यह पूरी मुहिम भाजपा और संघ की नफरत की राजनीति का मुकाबला करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। कांग्रेस सेवादल के इस नए अभियान से प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर वैचारिक जंग तेज होने के आसार हैं।