नीमच। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत डिप्टी कलेक्टर एवं परियोजना अधिकारी डूडा मयुरी जोक ने शुक्रवार को रतनगढ़ नगर परिषद का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद की कार्यालयीन व्यवस्थाओं के साथ-साथ जलप्रदाय व्यवस्था, फिल्टर प्लांट एवं ट्रेंचिंग ग्राउंड का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर ने नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से जलप्रदाय एवं स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जोक ने विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
इस अवसर पर डूडा कार्यालय के जानकीलाल प्रजापत सहित नगर परिषद की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।