दतिया। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं भांडेर के पूर्व विधायक घनश्याम पिरोनिया ने कैलारस शक्कर कारखाने को लेकर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया।
पिरोनिया ने कहा कि भाजपा सरकार कैलारस शक्कर कारखाने को दोबारा संचालित करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल ने 19 अगस्त 2025 को कैलारस चीनी मिल की भूमि को एमएसएमई विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था। सरकार का उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर पैदा करना और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बंद पड़ी औद्योगिक परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग करते हुए कैलारस शक्कर कारखाने को पुनः संचालन में लाना है, ताकि किसानों को लाभ मिले और क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक पंकज उपाध्याय पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को आरोप लगाने के बजाय अपने शासनकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। पिरोनिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का धरना और अनशन जनहित के समाधान के बजाय राजनीतिक सुर्खियां बटोरने का माध्यम बन गया है।
पिरोनिया ने कहा कि किसानों और क्षेत्र की जनता की चिंता के नाम पर कांग्रेस नेता अपनी राजनीतिक जमीन बचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति के बजाय कैलारस शक्कर कारखाने के पुनरुद्धार और क्षेत्र के विकास के लिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही है।