चित्तौड़गढ़। आगामी त्योहारों एवं चुनाव को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित अन्वेषण भवन में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों की समीक्षा तथा आगामी त्योहारों एवं चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने अधिकारियों से जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था एवं अपराध की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर एवं संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई करने, वांछित अपराधियों की धरपकड़ करने तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आगामी त्योहारों को लेकर उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर आवश्यक पुलिस जाप्ता तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
चुनाव के मद्देनजर एसपी ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त एवं निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
बैठक में सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा भ्रामक, अफवाहजनक अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आमजन से बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित कर पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
जवानों के मेस में पुलिस अधिकारियों ने किया भोजन-
क्राइम मीटिंग के बाद जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह एवं अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन स्थित जवानों के मेस में भोजन किया। इस दौरान एसपी ने मेस की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
एसपी ने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता एवं मनोबल बनाए रखने में आपसी समन्वय और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जवानों को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आगामी त्योहारों एवं चुनाव के दौरान पूरी मुस्तैदी एवं सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय गजेंद्र सिंह जोधा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल अशोक मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीकाउ सुगनचंद पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत सहित जिले के सभी पुलिस उप अधीक्षक एवं थाना अधिकारी उपस्थित रहे।