चित्तौड़गढ़। हिंदुस्तान जिंक के सहयोग से संचालित सखी परियोजना के अंतर्गत मंजरी फाउंडेशन द्वारा चित्तौड़गढ़ में सखी संगम समिति के फेडरेशन की बैठक के दौरान महिला सुरक्षा एवं जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। चित्तौड़गढ़ पुलिस की ओर से आयोजित इस सत्र में सखी परियोजना से जुड़ी करीब 60 महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला थानाधिकारी रेनू एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम ने महिलाओं को महिला सुरक्षा, कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर एवं विभिन्न सामाजिक मुद्दों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी समस्या अथवा आपात स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया।
महिलाओं को RajCop Citizen App का दिया प्रशिक्षण
सत्र के दौरान महिलाओं ने महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। पुलिस टीम ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए आवश्यक कानूनी एवं पुलिस सहायता संबंधी जानकारी दी।
पुलिस टीम ने महिलाओं के मोबाइल फोन में RajCop Citizen App इंस्टॉल करवाया तथा ऐप के उपयोगी फीचर्स का डेमो देकर प्रशिक्षण प्रदान किया। महिलाओं को बताया गया कि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस की विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने दी सुरक्षा संबंधी जानकारी
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने भी महिलाओं को महिला सुरक्षा एवं पुलिस सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। टीम ने महिलाओं को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों एवं उपलब्ध पुलिस सेवाओं के प्रति जागरूक करना तथा आवश्यकता के समय पुलिस से सहायता प्राप्त करने के लिए उन्हें सक्षम बनाना रहा।