निवाड़ी। ग्राम पंचायत शक्ति भैरव में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगे शिविर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान ने आत्महत्या करने की कोशिश की। युवक ने सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने का आरोप लगाया। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की सक्रियता से युवक को बचा लिया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दरअसल, शक्ति भैरव में आयोजित जन विश्वास शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। प्रशासन के मुताबिक शिविर में कुल 129 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 63 का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसी दौरान शक्ति भैरव निवासी हरिशंकर उर्फ जंगली ने कार्यक्रम स्थल के टेंट में फांसी लगाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि युवक बीमारी से पीड़ित है और उसका आरोप है कि उसे राशन, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा।
युवक के इस कदम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सिंदूर सागर के चौकीदार रामेश्वर केवट और सेंदरी थाना पुलिस की सक्रियता से युवक को समय रहते बचा लिया गया। अब इस घटना ने प्रशासन के दावों और योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।