नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय एपीसी समूह की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों एवं प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियां समय पर हों-
कलेक्टर ने 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए वीडियो क्लिप, फ्लेक्स एवं बैनर तैयार कराने को भी कहा।
कृषि आदान विक्रेताओं का सतत निरीक्षण-
गुण नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कृषि आदान विक्रेताओं का नियमित निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
दलहन एवं उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा-
दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत मसूर सहित अन्य दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि फसलों से उद्यानिकी फसलों की ओर 1,000 नवीन किसानों को प्रेरित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। उद्यानिकी विभाग को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम एक आवेदन बैंक को प्रेषित कराने के निर्देश दिए गए।
ई-मंडी एवं किसान क्रेडिट कार्ड पर जोर-
कृषि उपज मंडी समिति के सचिव को ई-मंडी में उपज बिक्री की औसत अवधि चार घंटे से अधिक नहीं होने देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को 5,000 किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रकरण तैयार करने तथा सहकारिता विभाग को नवीन केसीसी सदस्यों एवं पशुपालन केसीसी प्रकरणों की स्वीकृति संबंधी कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
कृषि अभियांत्रिकी विभाग को आगामी बैठक में जिलेवार कृषि यंत्रों के लक्ष्य, पंजीयन एवं क्रय संबंधी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मत्स्य पालन विभाग को निर्धारित समय-सीमा में भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, उप संचालक कृषि कल्याण विभाग नगीन सिंह रावत, उप संचालक उद्यानिकी विभाग पी.एल. कनेश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।