मंदसौर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत गरोठ में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में कुल 270 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 112 का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में क्षेत्रीय विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनुप्रिया यादव, कलेक्टर दिव्यांक सिंह, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर से पहले अधिकारियों ने गरोठ क्षेत्र के करीब 25 गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया और स्थानीय समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, उचित मूल्य की दुकानों सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ग्राम जमुनिया में आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी ली गई। ग्राम नारिया बुजुर्ग में अधिकारियों ने स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
करीब एक हजार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण-
विधायक चंद्रसिंह सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में अभियान के माध्यम से प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की करीब एक हजार शिकायतों का निराकरण किया गया है। जिन समस्याओं का मौके पर समाधान संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जा रहा है, जबकि अन्य मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित की जा रही है।
उद्यमियों से संवाद, योजनाओं के लाभार्थियों को चेक वितरित-
ग्राम मानपुरा में एएसी ब्लॉक निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। अभियान के तहत आयोजित उद्यम संवाद में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। इनमें दुग्ध उत्पादन, ऑयल मिल, गेस्ट हाउस, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, एम-सैंड, ग्राउंडनट सहित विभिन्न व्यवसायों से जुड़े उद्यमी शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि, सखी स्वावलंबन योजना, उद्यानिकी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को विभिन्न व्यवसायों के लिए ऋण एवं सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र गरोठ में भूखंडों के लिए कुछ हितग्राहियों को आशय पत्र भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर गरोठ एसडीएम राहुल चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान प्रशासन द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।