हाटपिपल्या। नेवरी में 1857 की क्रांति की महानायिका, अदम्य साहस, वीरता और स्वाभिमान की प्रतीक वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी के 195वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हिंदू एकता संकल्प सभा एवं भव्य शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया।
शौर्य यात्रा का शुभारंभ नेवरी के मां लालबाई-फूलबाई माता मंदिर से हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में लोधी समाज के नवयुवक एवं सर्व समाज के लोग हाथों में भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। रथ पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी का चित्र विराजमान था, जबकि रथ के चारों ओर भगवा ध्वज लहरा रहे थे।
शौर्य यात्रा का पूरे गांव में जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं स्वागत किया गया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल भी यात्रा के साथ मौजूद रहा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी, अखिल भारतीय लोधी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामगोपाल पटेल सहित सर्व समाज के लोग चल समारोह में शामिल हुए।