देवास। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
सांसद सोलंकी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला अस्पताल में जन्म पंजीयन सहित अन्य व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
बैठक में नल-जल और सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद ने कार्यों में तेजी लाने और नागरिकों को समय पर पेयजल एवं सिंचाई का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, सांसद निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई। लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और जमीनी स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ऋतुराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।