शहडोल। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जनजीवन अस्त-व्यस्त है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं शहडोल के कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल से सामने आई तस्वीरों ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल के आर्थाे वार्ड समेत भवन के कई हिस्सों में छत से बारिश का पानी टपकता रहा।
हालात ऐसे रहे कि मरीजों और उनके परिजनों को खुद ही टपकते पानी के नीचे बर्तन रखकर पानी रोकने की व्यवस्था करनी पड़ी। इलाज कराने पहुंचे मरीजों को बारिश के दौरान टपकती छत के बीच रहना पड़ा। इससे अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा और भवन की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के लिए आने के बाद यदि उन्हें बारिश के पानी से बचने के लिए भी खुद व्यवस्था करनी पड़े, तो यह चिंता का विषय है। लगातार बारिश के दौरान अस्पताल भवन की स्थिति मरीजों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
इस मामले में जिला अस्पताल की सहायक प्रबंधक पूजा सोनी ने बताया कि जिला अस्पताल की बिल्डिंग काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। भवन में सुधार कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पानी टपकने से मरीजों को परेशानी हो रही है, तो उन्हें दूसरे स्थान पर शिफ्ट कराया जाएगा।
बारिश के बीच जिला अस्पताल में टपकती छत की तस्वीरें अब अस्पताल प्रबंधन और जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।