बामनिया (नीमच)। संत श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत नीमच विधानसभा क्षेत्र में निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा आज रविवार को बामनिया पहुंची। यात्रा का ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर पवित्र कलश का वंदन किया।
यात्रा का उद्देश्य संत रविदास महाराज के सामाजिक समरसता, समानता, एकता एवं सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा बामनिया से प्रारंभ होकर पिपलिया व्यास, विशनिया, दीपुखेड़ी, बोरदिया कला, मुंडला, गुलाबखेड़ी, छायन, हनुमंतिया पंवार, सिरखेड़ा, ढाबा, लसूड़ी तंवर एवं जवासा होते हुए भादवामाता पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनके विचारों को आत्मसात कर सामाजिक एकता को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।