पोलाय खुर्द। श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम पोलाय खुर्द से भगवान शिव की भक्ति और आस्था से सराबोर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। ग्राम के सज्जननाथ मंदिर से शुरू हुई यात्रा में सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु कांवड़ में पवित्र जल लेकर करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर सुंदरगढ़ स्थित महाकाल मंदिर पहुंचे।
यात्रा के दौरान पूरे रास्ते हर-हर महादेव, बोल बम और जय भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। बुजुर्गों से लेकर युवा, बच्चे और महिलाएं भी बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल हुईं। श्रद्धालु भक्ति में झूमते, नाचते-गाते हुए भगवान शिव का स्मरण करते नजर आए।
कांवड़ यात्रा के मार्ग में जगह-जगह सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। वहीं पोलाय खुर्द के महाकाल मित्र मंडल की ओर से देवगुलर में कांवड़ यात्रियों के लिए स्वल्पाहार और पेयजल की व्यवस्था की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।
सुंदरगढ़ पहुंचने के बाद कांवड़ यात्रियों ने भगवान महाकाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पवित्र जल से जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
भक्ति, आस्था और उत्साह से भरी इस कांवड़ यात्रा के दौरान गूंजते शिव जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आस्था और धार्मिक एकता का केंद्र बनी रही।