मोरवन। दशपुर साहित्य मंच मालवा के संयुक्त तत्वावधान में षष्ठम मालव श्री अलंकरण समारोह-2026 का आयोजन 6 सितंबर 2026, रविवार को मंदसौर में किया जाएगा। कार्यक्रम महाविद्यालय परिसर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे प्रेक्षागृह में आयोजित होगा।
मोरवन के कवि अंकित सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि दशपुर साहित्य मंच मालवा की ऐसी संस्था है, जो प्रतिवर्ष साहित्य और काव्य के क्षेत्र में यह आयोजन करती है। समारोह में साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एक श्रेष्ठ व्यक्ति को मालव श्री अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर के साहित्य प्रेमियों और कलमकारों को आमंत्रित किया गया है। समारोह के दौरान वरिष्ठ साहित्यकारों और बड़े कलमकारों का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा। वहीं नवोदित कवियों को अपनी कविता और प्रस्तुति के माध्यम से वरिष्ठ साहित्यकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर मिलेगा।
दशपुर साहित्य मंच की ओर से साहित्य और काव्य प्रेमियों से आयोजन में शामिल होने के लिए पंजीयन कराने की अपील की गई है। आयोजकों ने सभी साहित्यप्रेमियों का समारोह में आत्मीय स्वागत और अभिनंदन करने की बात कही है।