कालापीपल। शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के ग्राम खोकरा कला में 24 अगस्त को विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा को लेकर ग्रामीणों और युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत मां पार्वती देहरी घाट से होगी। श्रद्धालु घाट से पवित्र जल लेकर मोहम्मदपुर, गणेशपुर और खरदौन होते हुए ग्राम खोकरा कला के मुख्य मार्गों से यात्रा निकालेंगे। इसके बाद कांवड़ यात्री बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
यात्रा में बाबा बर्फानी ग्रुप की ओर से श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी के भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जलाभिषेक के बाद भक्तों को महाप्रसादी का वितरण भी किया जाएगा।
आयोजन के दौरान बाबा नीलकंठ महादेव का विशेष अभिषेक और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। कांवड़ यात्रा में बाबा की दो सजी हुई झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। डीजे, ढोल और नगाड़ों के साथ निकाली जाने वाली यात्रा को भव्य बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजकों ने ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों से कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। युवा कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।