मंदसौर। जिला अस्पताल परिसर स्थित ट्रॉमा सेंटर के ऑर्थाे वार्ड में बुधवार को आयोजित क्लबफुट क्लिनिक में 12 बच्चों का परीक्षण एवं उपचार किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी के निर्देशन में आरबीएसके के सहयोग से अनुष्का फाउंडेशन, मुंबई द्वारा नियमित रूप से प्रत्येक बुधवार क्लबफुट क्लिनिक का आयोजन किया जाता है।
क्लिनिक में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव अखंड एवं डॉ. शुभम गर्ग ने बच्चों का परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया। चिकित्सकीय जांच के बाद तीन बच्चों का प्लास्टर किया गया, जबकि एक बच्चे की टेनोटॉमी की गई।
इसके अलावा उपचार के लिए आठ बच्चों को अनुष्का फाउंडेशन की ओर से विशेष प्रकार के जूते उपलब्ध कराए गए। उपचार के बाद पैरों की सही स्थिति बनाए रखने में इन विशेष जूतों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर हड्डी रोग विभाग के प्रोफेसर डॉ. गौरव अखंड, डॉ. शुभम गर्ग, स्टाफ नर्स तनुजा रैकवार, तुषार जोशी, अनुष्का फाउंडेशन के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव संतोष तात्या सहित बच्चों के परिजन उपस्थित रहे। फाउंडेशन के संतोष तात्या ने बच्चों को विशेष जूते उपलब्ध कराने में सहयोग किया।