मंदसौर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का संदेश समय पर प्रियजनों तक पहुंचाने के लिए भारतीय डाक विभाग द्वारा स्पीड पोस्ट, पार्सल एवं अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं के माध्यम से राखियां, उपहार एवं शुभकामना संदेश भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
अधीक्षक डाकघर ने मंदसौर एवं नीमच जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी राखियां, गिफ्ट एवं शुभकामना संदेश समय रहते निकटतम डाकघर में बुक कराएं, ताकि उन्हें देश-विदेश में रहने वाले प्रियजनों तक सुरक्षित एवं समय पर पहुंचाया जा सके।
मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी डाकघरों में स्पीड पोस्ट, पार्सल तथा अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं के माध्यम से राखियों की बुकिंग की जा रही है। डाक विभाग द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर राखियों के त्वरित प्रसंस्करण एवं समय पर प्रेषण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
डाक विभाग ने नागरिकों से अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए राखियां एवं अन्य सामग्री जल्द बुक कराने का आग्रह किया है, ताकि रक्षाबंधन के अवसर पर स्नेह का संदेश समय पर प्रियजनों तक पहुंच सके।