चित्तौड़गढ़। पारसोली थाना पुलिस ने हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने विशेष प्रयास करते हुए आरोपी को सरहद काला का झोपड़ा से डिटेन किया। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को शंभुपुरा (बिछोर) निवासी अनिता पत्नी राजूलाल रेगर ने पारसोली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 20 अगस्त की शाम करीब 7 से 8 बजे उसके पति राजूलाल के साथ उसके ससुर जीतमल रेगर ने लकड़ी के डंडे से मारपीट की। मारपीट में गंभीर चोट लगने के बाद रात में राजूलाल की मौत हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रावतभाटा गोपाल सिंह कानावत के निर्देशन और पुलिस उप अधीक्षक बेगूं अंकित कुड़ी के सुपरविजन में थाना अधिकारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश के लिए आसूचना जुटाई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने पास मोबाइल नहीं रखता था, जिससे उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रही। विशेष प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को काला का झोपड़ा से डिटेन किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ और अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी: जीतमल रेगर पिता तुलछा, उम्र 62 वर्ष, निवासी शंभुपुरा, थाना पारसोली, जिला चित्तौड़गढ़।
पुलिस टीम: थानाधिकारी आशुतोष सिंह, कांस्टेबल रमेश विश्नोई, दिनेश सियाग, रघुवीर और सोनाराम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।