नीमच। अखिल भारतीय वनवासी कृषि ग्रामीण मजदूर संघ की ओर से नीमच तहसील की ग्राम पंचायत झांझरवाड़ा में बैठक आयोजित कर वरिष्ठ दिवस मनाया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय मंत्री भेरूलाल खदेड़ा के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठजनों एवं मातृशक्ति को केसरिया दुपट्टा पहनाकर, मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया गया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर जायसवार ने जिले की नवीन कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए 21 सदस्यीय टीम का गठन किया।
राष्ट्रीय मंत्री भेरूलाल खदेड़ा ने कहा कि संगठन के निर्देशानुसार जिले की नवीन कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। वरिष्ठजनों एवं मातृशक्ति का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना संगठन के लिए गौरव का विषय है।
नवनियुक्त जिला संयोजक दुर्गा शंकर दशाणा ने कहा कि संगठन द्वारा गांव-गांव में टीम गठित कर मजदूर एवं गरीब परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में जिला मंत्री विनोद खैर, जगदीश बकरावात, भंवरलाल, अंबालाल, कंचन बाई, निर्मला बाई, गीता बाई, कलाबाई, भेरूलाल, दिनेश, सत्तू, रामचंद्र, हरिराम, सोहन, मोहन, शंकरलाल सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।