भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी है। अपनी मांगों को लेकर प्रदेश भर के अलग-अलग जिलों से पहुंचे सैकड़ों चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
भूख हड़ताल का दूसरा दिन
आंदोलन को उग्र रूप देते हुए चयनित अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं, जिनका आज भूख हड़ताल का दूसरा दिन है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
28,000 पदों पर वृद्धि की मांग
चयनित अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती 2025 में बड़े पैमाने पर पदवृद्धि की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि- वर्ग 2: कम से कम 25,000 पदों की वृद्धि की जाए। वर्ग 3: 3,000 पदों का इजाफा किया जाए। प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए इन अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि जब तक शासन प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन या निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक नीलम पार्क में उनका यह अनिश्चितकालीन आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी।