ठीकरी/सेगांव। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सेगवाल फाटा एक बार फिर हादसे का ब्लैक स्पॉट साबित हुआ। शनिवार देर रात ठीकरी थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में सेगांव निवासी अखिलेश मुकाती की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक ट्रक चालक ने भी दम तोड़ दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पांच अन्य लोग वाहनों में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए इंदौर और बड़वानी रेफर किया गया।
सेगांव में पसरा मातम, सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि-
अखिलेश मुकाती की मौत की खबर मिलते ही सेगांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को दिनभर सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और उनके युवा साथी शामिल हुए। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की-
स्थानीय लोगों का कहना है कि सेगवाल फाटा लंबे समय से हादसों का ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। यहां पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए हैं। लोगों ने फाटा पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ठीकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।