उदयपुर/प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ जिले के छोटी सादड़ी उपखंड की निवासी और वर्तमान में उदयपुर में कार्यरत दुर्गेश नंदिनी यादव ने जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय PMFME कॉन्क्लेव में उत्कृष्ट कार्य के लिए उनका चयन सम्मान के लिए किया गया है।
यह कॉन्क्लेव 24 और 25 अगस्त को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित होगा। कार्यक्रम में राजस्थान से चार प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। इनमें उदयपुर और भरतपुर के जिला संसाधन व्यक्ति (DRP) तथा जयपुर और अजमेर के जिला नोडल अधिकारी (DNO) शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री करेंगे कॉन्क्लेव का उद्घाटन
मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार कॉन्क्लेव का उद्घाटन केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान करेंगे। दो दिवसीय कार्यक्रम में उद्घाटन समारोह, पुरस्कार एवं सम्मान समारोह, पैनल चर्चा, सफलता की कहानियों की प्रस्तुति, श्रेष्ठ कार्यों का प्रदर्शन, प्रमुख चुनौतियों पर चर्चा और PMFME बाजार का आयोजन होगा।
उत्कृष्ट कार्य के आधार पर हुआ चयन-
PMFME योजना के सफल क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले DRP और DNO के कार्यों का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के लिए किया गया है।
राजस्थान से उदयपुर की दुर्गेश नंदिनी यादव और भरतपुर के पुरुषोत्तम जाट का DRP श्रेणी में चयन हुआ है। वहीं DNO श्रेणी में जयपुर और अजमेर जिलों के प्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चुना गया है।
मंत्रालय ने राज्य नोडल एजेंसियों को चयनित DRP और DNO को कार्यक्रम में भाग लेने की सूचना देने तथा उनकी सहभागिता की पुष्टि निर्धारित समय सीमा में भेजने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के आवश्यक खर्च का वहन PMFME योजना के प्रावधानों के अनुसार Promotional Head अथवा Administrative Head से किया जा सकेगा।
छोटी सादड़ी और प्रतापगढ़ में खुशी का माहौल-
प्रतापगढ़ जिले की बेटी दुर्गेश नंदिनी यादव का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित कार्यक्रम के लिए चयन जिले के लिए गौरव की बात है। उनकी इस उपलब्धि को PMFME योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
छोटी सादड़ी सहित पूरे प्रतापगढ़ जिले में उनकी उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने नंदिनी की उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।