धार। जिले में रक्षाबंधन का बुलावा देने जा रहे एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मागोद-अमझेरा-मनावर हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसा दोपहर करीब 1 बजे हुआ। बाइक पर सवार अंतर सिंह (32), अशोक (4) और उनके चाचा भूरू सिंह की हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल रेशम को उपचार के लिए गंधवानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि परिवार रक्षाबंधन के त्योहार पर बहन के घर बुलावा देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए हैं।
पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू करते हुए उसकी तलाश तेज कर दी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।