इंदौर। ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर रविवार को दाऊदी बोहरा समाज की ओर से भव्य जुलूस निकाला गया। सियागंज मस्जिद से शुरू हुआ यह जुलूस एबीएन स्कूल छत्रीबाग पहुंचकर समाप्त हुआ। जुलूस में समाज के वरिष्ठजनों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए।
घोड़े-बग्गी और बुरहानी गार्ड के साथ निकला कारवां
जुलूस में दाऊदी बोहरा जमात के आमिल साहब, विभिन्न कमेटियों के सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रास्ते भर बुरहानी गार्ड, बैंड-बाजे और घोड़े-बग्गी आकर्षण का केंद्र बने रहे। जुलूस का मुख्य संचालन शबाब उल ईदुज जहाबी और बुरहानी गार्ड्स द्वारा किया गया।
रात में मस्जिदों में होंगी खुशी की मजलिसें
दाऊदी बोहरा समाज के मीडिया प्रभारी अली असगर भोपाल वाला और शब्बीर बेगवाला ने बताया कि ईद-ए-मिलादुन्नबी की रात शहर की सभी बोहरा मस्जिदों में विशेष मजलिस(धार्मिक कार्यक्रम) का आयोजन किया जाएगा।