चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में आज से तीन दिवसीय ग्रुप स्तरीय अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेलों का भव्य शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल के निर्देशन में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों के 10 सैनिक स्कूलों के कुल 325 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें 132 छात्राएं भी शामिल हैं। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न खेल एवं बौद्धिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें प्रतिभागी अपनी प्रतिभा, अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
10 सैनिक स्कूलों की टीमें लेंगी हिस्सा-
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि अखिल भारतीय सैनिक स्कूल राष्ट्रीय खेलों के ग्रुप-सी के अंतर्गत आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न सैनिक स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं।
प्रतियोगिता में सैनिक स्कूल रीवा (मध्यप्रदेश), सैनिक स्कूल मैनपुरी (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल अमेठी (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ (राजस्थान), सैनिक स्कूल मथुरा (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल गोविंद नगर (मध्यप्रदेश), सैनिक स्कूल प्रयागराज (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल आजमगढ़ (उत्तरप्रदेश), सैनिक स्कूल मंदसौर (मध्यप्रदेश) और सैनिक स्कूल जोधपुर (राजस्थान) की टीमें शामिल हैं।
इनमें पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (च्च्च्) मोड के तहत प्रारंभ किए गए नए सैनिक स्कूल भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इससे विद्यार्थियों को विभिन्न सैनिक स्कूलों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर मिलेगा।
एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में होगा मुकाबला-
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी प्रमुख खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। एथलेटिक्स की विभिन्न ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की गति, सहनशक्ति और शारीरिक दक्षता की परीक्षा होगी।
वहीं, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल में टीम समन्वय, रणनीति, अनुशासन और खेल कौशल देखने को मिलेगा। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जोर लगाएंगे।
क्विज और वाद-विवाद से परखी जाएगी बौद्धिक क्षमता-
खेल प्रतियोगिताओं के साथ विद्यार्थियों के ज्ञान, तर्कशक्ति, अभिव्यक्ति और समसामयिक विषयों की समझ को परखने के लिए क्विज एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी अपनी बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है।