नीमच। जिले में रविवार को दाऊदी बोहरा समाज की ओर से पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिन के मुबारक अवसर पर ईद-ए-मिलादुन्नबी का त्योहार हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बोहरा समाजजन बोहरा गली स्थित मस्जिद में एकत्र हुए, जहां नमाज अदा करने के बाद ईद-ए-मिलादुन्नबी के उपलक्ष्य में भव्य जुलूस निकाला गया।
जुलूस बोहरा गली से प्रारंभ होकर कमल चौक, फव्वारा चौक, बारादरी, घंटाघर और पुस्तक बाजार होते हुए वापस बोहरा गली पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए साइकिल रैली भी जुलूस का हिस्सा बनी।
जुलूस में सबसे आगे घोड़े पर सवार समाजजन चल रहे थे, जबकि छोटे बच्चे बग्गियों में सवार होकर शामिल हुए। इस दौरान दाऊदी बोहरा समाज का स्काउट बैंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। जुलूस की तमाम व्यवस्था बुरहानी गार्ड ने संभाली। इज़ी स्काउट बैंड ने शानदार प्रस्तुति देकर लोगों का मन मोह लिया। इस अवसर पर आमिरल साहब शब्बीर भाई मोरबी वाला, हेड मोअल्लिम शेख बुरहानुद्दीन, सेक्रेटरी हुसामुद्दीन डेरकी और समाज के वरिष्ठ व समाजजन शामिल रहे। पूरे मार्ग में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।