रतनगढ़। भगवान श्री लक्ष्मीनारायण जी का पांच दिवसीय मेला 24 से 28 अगस्त 2026 तक रतनगढ़ में आयोजित होगा। मेले का भव्य शुभारंभ 24 अगस्त को प्रातः 10.15 बजे डाक बंगला परिसर में अतिथियों की मौजूदगी में किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से मेले को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई-कचरूलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष किरणबाला-शिवनंदन छीपा, मेला समिति अध्यक्ष पारस कुंवर-रघुनाथ सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि मेले के दौरान प्रतिदिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पूर्व कैबिनेट मंत्री सखलेचा होंगे मुख्य अतिथि-
24 अगस्त को मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधानसभा क्षेत्र के विधायक ओमप्रकाश सखलेचा मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष नीमच वंदना खंडेलवाल करेंगी।
विशिष्ट अतिथियों में जनपद पंचायत जावद अध्यक्ष गोपाल चारण, जिला पंचायत नीमच उपाध्यक्ष जानीबाई शंभूलाल धाकड़, रतनगढ़ मंदिर व्यवस्थापक सत्यनारायण मूंदड़ा, भाजपा जिला महामंत्री विक्रम सोनी, जिला उपाध्यक्ष सतीश व्यास, जिला मंत्री रेखा धाकड़, भाजपा मंडल अध्यक्ष रतनगढ़-डीकेन जसवंत बंजारा, मंडल महामंत्री जमनालाल धाकड़ एवं मंडल महामंत्री मंजूदेवी-मांगीलाल भील शामिल रहेंगे।
‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ से होगी सांस्कृतिक शुरुआत-
मेले के शुभारंभ के अवसर पर 24 अगस्त की शाम 7.30 बजे सब्जी मंडी परिसर में नगर की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित ‘एक शाम राष्ट्र के नाम’ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
25 अगस्त को ऑर्केस्ट्रा और डांस कार्यक्रम-
25 अगस्त को रंगारंग ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें प्रसिद्ध डांस ग्रुप द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में कलाकारों की प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।
26 अगस्त को झांकियां और भजन संध्या-
26 अगस्त को दिल्ली की प्रसिद्ध झांकियों के साथ राजस्थान के प्रसिद्ध भजन गायक भगवत सुतार (राजसमंद) एवं जीतू धोरा (उज्जैन-रतलाम) द्वारा भजन प्रस्तुत किए जाएंगे।
27 अगस्त को मोडिया महादेव की शोभायात्रा और कवि सम्मेलन-
27 अगस्त को सुबह 11 बजे भगवान श्री मोडिया महादेव की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में ढोल-ताशा पार्टी, आकर्षक झांकियां, अखाड़े और पुष्पवर्षा मुख्य आकर्षण रहेंगे। भगवान श्री मोडिया महादेव की शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी।
इसी दिन रात 8रू30 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें विभिन्न प्रदेशों के ख्यात कवि एवं कवयित्रियां काव्य पाठ करेंगे। इनमें शंभू शिखर (हास्य रस, बिहार), राम भदावर (वीर रस, उत्तरप्रदेश), राव अजात शत्रु (संचालन, उदयपुर), दिनेश देसी घी (पैरोडीकार, शाजापुर), राजकुमार बादल (गीतकार, शक्करगढ़), कवयित्री रजनी सिंह अवनी (नई दिल्ली), कवयित्री कोमल नाजुक (उत्तरप्रदेश) और गोपाल धुरंधर (हास्य रस, मध्यप्रदेश) शामिल हैं।
अंतिम दिन होगा पारंपरिक माच का आयोजन-
मेले के अंतिम दिन भारतीय संस्कृति पर आधारित ‘रूप बसंत’ माच का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजस्थान के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा पौराणिक एवं धार्मिक कथाओं पर आधारित पारंपरिक माच का मंचन किया जाएगा।
नगर परिषद ने जनता से की सहभागिता की अपील-
नगर परिषद अध्यक्ष सुगनाबाई-कचरूलाल गुर्जर, उपाध्यक्ष किरणबाला-शिवनंदन छीपा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा, मेला समिति अध्यक्ष पारस कुंवर-रघुनाथ सिंह, उपाध्यक्ष पूजा-श्यामपुष्प पाराशर सहित सभापति, पार्षदों, मेला समिति सदस्यों एवं नगर परिषद कर्मचारियों ने नगर और आसपास के क्षेत्रवासियों से मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आमजन की सहभागिता से पांच दिवसीय मेले को भव्य एवं सफल बनाया जा सकेगा।