चित्तौड़गढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व को सामाजिक सेवा और मानवता के संदेश से जोड़ते हुए आचार्य तुलसी बहुउद्देश्यीय फाउंडेशन (ATBF) की ओर से इस वर्ष भी रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। फाउंडेशन द्वारा लगातार कई वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इस वर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन 28 अगस्त शुक्रवार को खड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर में किया जाएगा। शिविर की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर फाउंडेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने की। बैठक में शिविर की व्यवस्थाओं, रक्तदाताओं के स्वागत, पंजीयन, जलपान सहित विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
शिविर संयोजक मदन गिरी गोस्वामी ने बताया कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व है। इसी भावना को सामाजिक सेवा से जोड़ते हुए शिविर स्थल पर भाई-बहन के प्रेम एवं रक्तदान के महत्व को दर्शाने वाली विशेष आकर्षक रंगोली बनाई जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया जाएगा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम भी है।
उन्होंने बताया कि रक्तदान करने वाले सभी भाई-बहनों के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए संस्था की ओर से रक्षा सूत्र, मिठाई, नारियल, जलपान एवं प्रशस्ति पत्र की व्यवस्था की जाएगी। शिविर में आने वाले रक्तदाताओं का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा तथा उन्हें रक्तदान के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
2017 से निरंतर सेवा कार्य
आचार्य तुलसी बहुउद्देश्यीय फाउंडेशन वर्ष 2017 से लगातार प्रत्येक रक्षाबंधन पर रक्तदान शिविर का आयोजन करता आ रहा है। संस्था के इस सेवा अभियान में हर वर्ष बड़ी संख्या में शहरवासी एवं युवा उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। इस वर्ष भी संस्था ने अधिक से अधिक रक्तदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
फाउंडेशन के संस्थापक सुनील ढीलीवाल ने शहरवासियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की कि रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। इसलिए स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति आगे आकर रक्तदान करें और इस पुनीत कार्य का हिस्सा बनें।
शिविर के लिए रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो चुके हैं। फाउंडेशन की ओर से शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की गई है। संस्था का उद्देश्य रक्षाबंधन के पर्व को भाई-बहन के प्रेम के साथ-साथ मानवता, सेवा और जीवन बचाने के संकल्प के रूप में मनाना है।