हाट पीपल्या/जावरा। आध्यात्मिक चेतना और आंतरिक शांति का केंद्र बने श्री अष्टापद जैन तीर्थ, हाट पीपल्या में आर्ट ऑफ लिविंग का चार दिवसीय एडवांस मेडिटेशन लेवल-2 कोर्स रविवार को आध्यात्मिक उल्लास और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ।
विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर द्वारा स्थापित आर्ट ऑफ लिविंग संस्था की ओर से आयोजित इस विशेष शिविर का संचालन गुजरात के दाहोद से पहुंचीं वरिष्ठ प्रशिक्षिका सुश्री अमि पंड्या दीदी के सानिध्य में किया गया।
चार दिवसीय इस कोर्स में साधकों ने मौन साधना के साथ प्राणायाम, योग, सुदर्शन क्रिया और गहन ध्यान की विभिन्न प्रक्रियाओं के माध्यम से आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया।
संस्था के टीचर एवं जिला ग्रामीण समन्वयक एस.एन. धाकड़ ने बताया कि यह एडवांस कोर्स हैप्पीनेस, YLTP और YES+ कोर्स कर चुके साधकों के लिए आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि साधक तनाव, चिंता और विभिन्न समस्याओं के साथ आते हैं, लेकिन शिविर के बाद नई ऊर्जा, शांति और प्रसन्नता के साथ लौटते हैं।
शिविर में जावरा, ताल और आलोट सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में साधकों ने सहभागिता की।
सत्संग में भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
कोर्स के समापन अवसर पर विशेष सत्संग का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध सिंगर एवं गिटारिस्ट दीपेश मनवानी ने मधुर भजनों और गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गोपाल कृष्ण शर्मा, डॉ. सुशील दवे, एम.एल. राठौर, तरुण चंचलानी, घनश्याम वीजवा, लक्ष्य कुमावत, ऋतु सिसोदिया, प्रियल मनसुखानी और उमा राठौर सहित कई स्वयंसेवकों का सहयोग रहा।
अंत में आर्ट ऑफ लिविंग जावरा के टीचर दीपेश मनसुखानी ने सुश्री अमि पंड्या दीदी, अष्टापद जैन तीर्थ ट्रस्ट, सभी साधकों और वॉलंटियर्स का आभार व्यक्त किया।