नीमच। आगामी ईद मिलादुन्नबी त्यौहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नीमच पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लिस्टेड गुंडों की परेड कराई गई और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही शांति समिति की बैठकें आयोजित कर सदस्यों से त्यौहार के दौरान आपसी भाईचारा और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च भी निकाला गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि त्यौहार के दौरान किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी सद्भाव के साथ ईद मिलादुन्नबी मनाएं।
पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और वाट्सऐप पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही है। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली आपत्तिजनक पोस्ट करने या उसे शेयर करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
नीमच पुलिस ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की है कि वे भ्रामक या विवादित पोस्ट और संदेशों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने से बचें। किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की गई है।
एसपी राजेश व्यास ने जिलेवासियों से ईद मिलादुन्नबी का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है।