नीमच। सोमवार को अपर कलेक्टर वीएस कनेश ने जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों और अस्पताल परिसर का दौरा किया और व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा।
निरीक्षण के दौरान जहां भी खामियां सामने आईं, उन्हें लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक सुधार के साथ सख्त निर्देश दिए गए।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था को लेकर अपर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल परिसर और वार्डों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी निर्धारित ड्रेस में भी नहीं मिले। इस पर अपर कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस में उपस्थित रहने और अस्पताल की व्यवस्थाओं में अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित अस्पताल के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।