मल्हारगढ़। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम झाड़ा में अतिक्रमण के चलते जनहित से जुड़े विकास कार्य प्रभावित होने का मामला सामने आया है। गांव को मनासा मार्ग से जोड़ने के लिए किए जा रहे सीसी सड़क निर्माण में अतिक्रमण बड़ी बाधा बन गया है।
स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि सरकार द्वारा गरीब और मजदूर परिवारों के हित में संचालित भू-स्वामित्व/पट्टा योजना की आड़ में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर गरीब परिवारों को मिले पट्टों की लाखों रुपये में खरीद-फरोख्त की जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क से करीब 52 फीट के दायरे में भी अतिक्रमण होने के कारण ग्राम पंचायत को सड़क निर्माण में परेशानी आ रही है। वहीं झाड़ा बस स्टैंड क्षेत्र में लंबे समय से अतिक्रमण के कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और स्थानीय रहवासियों ने सीसी सड़क निर्माण कार्य को फिलहाल रोकते हुए पहले भूमि सीमांकन कराने और उसके बाद अतिक्रमण हटाने की मांग की है। ग्राम सरपंच का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
मामले की जानकारी मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारी और क्षेत्रीय पटवारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कथित अतिक्रमण और पट्टों की खरीद-फरोख्त के आरोपों की जांच कब होगी और सीमांकन के बाद अतिक्रमण हटाकर गांव की महत्वपूर्ण सीसी सड़क का निर्माण कब तक पूरा किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब परिवारों के हित में दी गई जमीन या पट्टों की कथित खरीद-फरोख्त की निष्पक्ष जांच के साथ सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाना जरूरी है, ताकि आमजन के आवागमन और विकास कार्यों में बाधा न आए।