निंबाहेड़ा। विश्व बन्धुत्व दिवस के अवसर पर निंबाहेड़ा स्थित ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र की ओर से रविवार को समाजसेवा और मानवता की भावना को समर्पित मेगा स्वैच्छिक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम तक आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 155 यूनिट रक्तदान किया। शिविर के माध्यम से रक्तदान को मानव सेवा का सर्वाेत्तम माध्यम बताते हुए आमजन को जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा के लिए आगे आने का संदेश दिया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना रहे। आंजना के शिविर स्थल पहुंचने पर निंबाहेड़ा ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र प्रभारी बीके शिवली दीदी ने उनका एवं उपस्थित अतिथियों का उपर्णा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, चित्तौड़गढ़ जिला कांग्रेस कमेटी महासचिव मनोज पारख तथा पूर्व पार्षद ओम बाहेती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
रक्तवीरों का बढ़ाया उत्साह
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान को समाज और मानवता के प्रति महत्वपूर्ण सेवा बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं के सेवाभाव की सराहना करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए।
शिविर में युवाओं सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। रक्तदान के प्रति लोगों में दिखाई दिया उत्साह सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता और मानव सेवा की भावना को दर्शाता रहा।
सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश
ब्रह्माकुमारीज सेवा केन्द्र की ओर से आयोजित इस शिविर में विश्व बन्धुत्व दिवस की मूल भावना ‘मानव सेवा, आपसी भाईचारा और जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता’ को केंद्र में रखा गया। शिविर के माध्यम से समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को नियमित रूप से जनसेवा के कार्यों से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज परिवार के सदस्यों, रक्तदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता निभाई। शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।