नीमच। बारिश की परवाह किए बिना दड़ौली, कानिया खेड़ा सहित आसपास के ग्रामीण मंगलवार को अपनी वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए लोट लगाते हुए नीमच कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने जनसुनवाई में अपनी पीड़ा दर्ज कराते हुए चार वर्ष पूर्व स्वीकृत एवं भूमिपूजन हो चुके दड़ौली से अम्बा माता मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब चार वर्ष पहले सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया गया था, लेकिन वन विभाग की एनओसी और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं के चलते आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। लंबे समय से सड़क निर्माण अटका होने के कारण दड़ौली, कानिया खेड़ा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति का असर अम्बा माता मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं पर भी पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार वर्षों से उन्हें सड़क निर्माण शुरू होने का इंतजार है, लेकिन हर बार विभागीय प्रक्रिया और आश्वासनों के बीच मामला अटक जाता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की कि वन विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच लंबित आपत्तियों एवं एनओसी से जुड़ी प्रक्रिया का तत्काल निराकरण कराया जाए और सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए।
ग्रामीणों का लोट लगाकर कलेक्ट्रेट पहुंचना प्रशासन के सामने उनकी समस्या की गंभीरता को दर्शाता है। अब क्षेत्रवासियों की नजर इस बात पर है कि चार वर्ष पहले भूमिपूजन हो चुकी इस सड़क का निर्माण आखिर कब शुरू होगा।