नीमच। मध्य प्रदेश की संस्था बी.आर. संस्था फाउंडेशन के ‘नन्हे हाथों में पर्यावरण’ एवं ‘उत्सव अभियान’ के तहत को राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, शाहपुरा में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था की पर्यावरण ब्रांड एंबेसडर एवं बाल पर्यावरण योद्धा श्रेया कुमावत ने किया। अभियान के तहत विद्यालय में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम एवं बच्चों में पाठ्यक्रम सामग्री, अल्प आहार, वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की संस्था प्रधान सरिता जैन ने ब्रांड एंबेसडर एवं बी.आर. संस्था की टीम का स्वागत किया। तथा संस्था द्वारा पर्यावरण एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ वृक्षारोपण कर पौधों की देखभाल का संदेश दिया गया। ब्रांड एंबेसडर ने छात्राओं को पेड़-पौधों के महत्व के साथ जल संरक्षण, प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, प्लास्टिक का कम उपयोग, रीसाइक्लिंग एवं उसके उचित सदुपयोग के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी। बच्चों को समझाया गया कि उपयोग किए गए प्लास्टिक को इधर-उधर फेंकने के बजाय अलग एकत्र कर रीसाइक्लिंग के लिए भेजना चाहिए।
उत्सव को सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम में संस्था के ‘उत्सव अभियान’ की जानकारी देते हुए बताया गया कि संस्था के सदस्य एवं पदाधिकारी अपने जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य खुशी के अवसरों पर फिजूलखर्ची से बचते हुए उन अवसरों को समाजसेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हैं। इसके तहत वृक्षारोपण, जरूरतमंद बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरण, जरूरतमंदों को भोजन, बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी तथा जरूरतमंदों के लिए रक्तदान जैसे कार्य किए जाते हैं। कार्यक्रम संस्था के संस्थापक कृष्ण परिहार के जन्मदिन के अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने पेड़ लगाने एवं उनकी देखभाल करने, पानी बचाने, प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने तथा अपने आसपास स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।