मनासा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशानुसार जिले में नालसा के 60 दिवसीय मेगा ड्राइव का शुभारंभ ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा से किया गया। यह अभियान 25 अगस्त से 23 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। मध्यप्रदेश के चयनित सात जिलों में नीमच को भी शामिल किया गया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष गौरव सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी दी गई।
गांवों का सर्वे कर चिन्हित किए जाएंगे पात्र व्यक्ति-
अभियान के तहत पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) द्वारा विभिन्न गांवों का सर्वे किया जाएगा। इस दौरान विधिक सहायता के लिए पात्र एवं वंचित व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें आवश्यक विधिक सेवा योजनाओं एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा।
जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से दी जाएगी जानकारी-
मेगा ड्राइव के दौरान ग्राम बर्डिया में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं विभिन्न शासकीय विभागों के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध कानूनी सहायता तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
अभियान का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता और शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।