नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए।
जनसुनवाई के साथ ही सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर भी आयोजित किया गया। इस दौरान आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी व्यास ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की 12 शिकायतों का निराकरण-
शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन के लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कराया गया तथा शिकायतों को बंद करवाया गया।
वहीं, जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान करीब 26 फरियादियों ने एसपी राजेश व्यास के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याएं बताईं। एसपी ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और पुलिस कार्रवाई से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान-
पुलिस अधीक्षक व्यास ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का समय पर और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामले, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने थाना क्षेत्रों में भी समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी और आवेदक रहे मौजूद-
जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत निवारण शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद हर्ष राठौर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा शाबेरा अंसारी, उप पुलिस अधीक्षक निकीता सिंह, संबंधित शाखा प्रभारी सहित बड़ी संख्या में फरियादी एवं आवेदक उपस्थित रहे।