भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में प्रदेश के सड़क एवं बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPRDC) के माध्यम से प्रदेश में 12 प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करीब 4,600 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत भोपाल-विदिशा मार्ग, पूर्वी भोपाल बायपास (4-लेन से 6-लेन), इंदौर-देपालपुर मार्ग (4-लेन), खलघाट-मनावर-मांगोद, मंदसौर-सीतामऊ, सीतामऊ-बसई-सुवासरा, नीमच-मनासा-रामपुरा-झालावाड़ मार्ग (एसएच-7), चापड़ा-नेवरी-देवास (एसएच-64), दिनारा-दतिया-सेवढ़ा, आगर-सारंगपुर, सोयत-माचलपुर-जीरापुर, राहतगढ़-खुरई-खिमलासा तथा सुन्दरा-सिंहपुर-कोठी-बिरसिंहपुर-सेमरिया गोहदा-सिरमौर सहित प्रमुख सड़क संपर्कों को आधुनिक एवं उच्चस्तरीय बनाया जाएगा।
सिवनी-बालाघाट मार्ग के लिए 3,960 करोड़ रुपए मंजूर-
कैबिनेट ने सिवनी-बालाघाट मार्ग के 91.64 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 3,960.09 करोड़ रुपए की परियोजना को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही भू-अर्जन, अन्य आवश्यक कार्यों एवं सुपरविजन चार्ज के लिए 501.16 करोड़ रुपए के प्रावधान को भी अनुमोदन दिया गया है।
इन सड़क परियोजनाओं के निर्माण एवं उन्नयन से प्रदेश में बेहतर सड़क संपर्क विकसित होने के साथ आवागमन को सुगम बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।