चित्तौड़गढ़। आगामी त्योहार बारावफात एवं रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना कायम रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस ने चित्तौड़गढ़ शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च में पुलिस लाइन का जाप्ता, पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ का जाप्ता, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट एवं एमबीसी का जाप्ता शामिल रहा। फ्लैग मार्च गोल प्याऊ से शुरू होकर पावटा चौक, सदर बाजार और सुभाष चौक होते हुए वापस गोल प्याऊ पहुंचा। इस दौरान पुलिस जवानों ने शहर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस की मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ।
प्रमुख स्थानों पर बढ़ाई गई गश्त और निगरानी-
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है। असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर-
एसपी ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट एवं संदेशों की निगरानी की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह या भ्रामक संदेश को सोशल मीडिया पर शेयर या फॉरवर्ड न करें। ऐसी किसी सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील-
पुलिस प्रशासन की ओर से त्योहारों के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। प्रमुख स्थानों पर लगातार गश्त और निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने जिलेवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का आग्रह किया। उन्होंने आमजन से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।