मुरैना। ग्राम पंचायत तिलोंधा में धार्मिक आस्था और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। गांव के कांवड़ियों के आगमन पर कप्तान सिंह कंसाना (बंन्कू) ने सभी कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों के साथ मिलकर महादेव बाबा एवं भूमिया बाबा के मंदिर पर गंगाजल से अभिषेक कर विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में धार्मिक उत्साह और भक्ति का विशेष वातावरण दिखाई दिया।
इस मौके पर कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना के पुत्र बंकू कंसाना ने कांवड़ियों के साथ स्वयं शामिल होकर अभिषेक किया और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। इस मौके पर बंकू कंसाना के द्वार कहा गया कि धार्मिक आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं।कांवड़ियों के साथ पवित्र गंगाजल से भगवान शिव एवं भूमिया बाबा का अभिषेक भी किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि बंकू कंसाना क्षेत्र में होने वाले धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में लगातार बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हैं। गांव में होने वाले सालाना धार्मिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है। उनके द्वारा श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का सम्मान किए जाने से ग्रामीणों में भी उत्साह नजर आया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु और कांवड़िये मौजूद रहे। पूरे आयोजन में श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का माहौल देखने को मिला है।इस मौके पर तिलौंदा ग्राम पंचायत के सरपंच वीरेंद्र सिंह, पूर्व सरपंच जंडेल सिंह, हरिओम नेताजी, बंटी पहलवान, महेश गुर्जर सहित गांव के ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।