सरवानिया महाराज। शहर में श्री गणेश नवयुवक मंडल के तत्वावधान में पहली बार भव्य डाक कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया। यात्रा क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
सुखानंद धाम से प्राचीन शिव मंदिर तक दौड़े कांवड़िए-
डाक कांवड़ यात्रा प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुखानंद धाम से शुरू हुई। इसमें शहर के 60 से अधिक युवाओं ने भाग लिया। कांवड़ियों ने सुखानंद धाम से पवित्र जल लेकर दौड़ते हुए करीब दो घंटे में प्राचीन शिव मंदिर तक की यात्रा पूरी की।
युवाओं ने पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयकारे लगाए। मंदिर पहुंचने के बाद मंत्रोच्चार के बीच बाबा भोलेनाथ का पवित्र जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान शिव की विधिवत आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
क्षेत्र की खुशहाली के लिए लिया संकल्प-
यात्रा के संयोजक बालमुकुंद धनगर एवं विनोद राठौर ने बताया कि पहली बार आयोजित डाक कांवड़ यात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह रहा। युवाओं ने इसे भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति का अनूठा प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष डाक कांवड़ यात्रा को और अधिक भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा में शामिल युवाओं ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं शांति की कामना करते हुए आयोजन को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।