ओरछा। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक 30 और 31 अगस्त को धार्मिक नगरी ओरछा में आयोजित होने जा रही है। बैठक को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए पार्टी ने 20 विशेष समितियों का गठन किया है। इन समितियों में 180 से अधिक कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
बैठक में शामिल होने वाले वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को भगवान रामराजा के सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष ‘मंदिर दर्शन व्यवस्था समिति’ बनाई गई है। इस समिति में 9 प्रमुख कार्यकर्ताओं की टीम तैनात रहेगी, जो अतिथियों के मंदिर दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बैठक में बूथ स्तर से लेकर संगठन के विस्तार तक की आगामी रणनीति पर व्यापक मंथन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा होगी। पार्टी का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पारदर्शिता और प्रभावी तरीके से पहुंचे।
कार्यसमिति की बैठक में आगामी राजनीतिक अभियानों और महत्वपूर्ण संगठनात्मक प्रस्तावों को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है। साथ ही जिला स्तर पर पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी। संगठन में मितव्ययिता और अनुशासन को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
बीजेपी ने बैठक की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार सभी कार्यकर्ता पूर्ण समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, ताकि ओरछा में होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सुचारू और सफल रूप से संपन्न हो सके।