नीमच। महू रोड स्थित पुलिया निर्माण को लेकर माधोपुरी बालाजी मंदिर के भक्तों और बजरंग दल ने एक बार फिर प्रशासन के समक्ष अपनी चिंता और मांग रखी। मंगलवार को मंदिर की सुरक्षा को लेकर नाराज श्रद्धालुओं ने बजरंग दल के पदाधिकारियों के साथ मंदिर के बाहर सड़क पर बैठकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।
बजरंग दल के सह संयोजक बृजेश वाल्मीकि ने बताया कि महू रोड पुलिया निर्माण का नक्शा स्वीकृत होने के बाद मंदिर के भक्तों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि पुलिया का निर्माण प्रस्तावित दिशा के अनुसार किया गया तो माधोपुरी बालाजी मंदिर के एक हिस्से के प्रभावित होने की आशंका है। श्रद्धालुओं ने मंदिर को आस्था का प्रमुख केंद्र बताते हुए पुलिया निर्माण का रुख दूसरी ओर करने की मांग की है।
आठ माह से प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे भक्त-
वाल्मीकि के अनुसार, पिछले करीब आठ माह से श्रद्धालु इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक उनकी मांग पर कोई संतोषजनक निर्णय नहीं हो पाया है। इसी के विरोध में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने मंदिर के बाहर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया और मंदिर को सुरक्षित रखने की मांग दोहराई।
निर्माण योजना पर पुनर्विचार की मांग-
श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण की प्रस्तावित योजना पर पुनर्विचार किया जाए और मंदिर को किसी भी प्रकार की क्षति से बचाने के लिए निर्माण कार्य को दूसरी ओर से कराया जाए। उनका कहना है कि विकास कार्य के साथ मंदिर की सुरक्षा और धार्मिक भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इस दौरान बजरंग दल के जिला मंत्री कैलाश मालवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।