माउंट आबू। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव पहली बार दो दिवसीय दौरे पर माउंट आबू पहुंचे। उनके आगमन पर एलआईसी अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। दौरे के दौरान उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्थान के ज्ञान सरोवर, पीस पार्क और पांडव भवन का भ्रमण किया, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया।
ज्ञान सरोवर पहुंचने पर ब्रह्माकुमारी संस्थान की प्रभारी सुमन बहन सहित अन्य बहनों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुंदरवन पीस पार्क पहुंचे। यहां पार्क के प्रभारी बैजुल भाई शाह एवं अन्य भाइयों ने उनकी अगवानी की। उन्होंने पीस पार्क की प्राकृतिक सुंदरता और व्यवस्थाओं की सराहना की।
गौरव पांडव भवन भी पहुंचे, जहां बीके सुशील, बीके अवतार सहित अन्य बहनों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने बाबा की कुटिया में ध्यान लगाया और बाबा के स्मृति स्थल पर साधना की। रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने उन्हें राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं।
दौरे के दौरान गौरव ने माउंट आबू के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के भी दर्शन किए। उन्होंने मां कात्यायनी अर्बुदा देवी मंदिर, सोमनाथ महादेव मंदिर और शंकर मठ पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उनके साथ दिल्ली से एलआईसी के रीजनल मैनेजर भाटी भी मौजूद रहे। दो दिवसीय दौरे में आध्यात्मिक, धार्मिक और संस्थागत गतिविधियों के माध्यम से गौरव ने माउंट आबू की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को करीब से जाना।